दो देशों में बाढ़ / इंडोनेशिया में 10 की मौत, 15 हजार बेघर; मोजांबिक में केनेथ तूफान ने मचाई तबाही

इंडोनेशिया में 15 हजार बेघर;

इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर बाढ़ और भूस्खलन से अब तक करीब 10 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आठ लोग लापता हो गए। देश में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। अब तक 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। वहीं, मोजांबिक में चक्रवातीय तूफान केनेथ की वजह से बाढ़ आ गई है।

करीब 13 हजार लोगों को राहत कैंपों में भेजा गया-
इंडोनेशिया के अधिकारियों ने रविवार को कहा कि बाढ़ से प्रभावित करीब 13 हजार लोगों को राहत कैंपों में भेजा गया है। बेंगकुलु प्रांत के कुल 9 जिले बाढ़ की चपेट में है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पुरवो नुगरोहो ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से 184 घरों, इमारतों, सड़कों, पुलों को नुकसान पहुंचा है।
प्रवक्ता ने कहा कि रविवार तक अधिकतर स्थानों पर पानी घटना शुरू हो गया, लेकिन प्रांत के अधिकतर आवासीय क्षेत्र पानी में डूबे हुए हैं। यदि बारिश होती रही तो भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बना रहेगा। इस सप्ताह जकार्ता के कुछ हिस्सों में बाढ़ से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, 2000 से अधिक लोगों को अपने घर खाली करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

मोजांबिक सरकार की लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील-
उत्तरी मोजांबिक में चक्रवातीय तूफान केनेथ की वजह से बाढ़ आ गई है। वहां की सरकार ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। हजारों लोग बाढ़ की चपेट में हैं। पेंबा शहर के लोगों ने कहा, ‘‘हमारी मदद कीजिए। हमने सबकुछ खो दिया है।’’

संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों ने कहा कि इमारतें ढहने लगी हैं। बचाव दल राहत कार्य में जुटा है। स्थानीय ने कहा कि जब तक हम सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच जाते, हम आगे बढ़ते रहेंगे। एक स्थानीय माइकल फरनाडो ने बताया,‘‘मैंने अपने जीवन में ऐसी बारिश नहीं देखी।’’ अधिकारियों ने कहा है कि केनेथ तूफान से गुरुवार को करीब पांच लोगों की मौत हो गई।

इडाई तूफान आने के ठीक छह सप्ताह के बाद केनेथ तूफान आया है। इडाई तूफान से मध्य मोजांबिक में करीब 600 लोगों की मौत हो गई थी। यूएन वर्ल्ड प्रोग्राम ने कहा है कि केनेथ तूफान से भारी बारिश होने की उम्मीद है। आपदा से ग्रामीण इलाकों में लगभग सात लाख लोग प्रभावित हो सकते हैं।

Add new comment

1 + 10 =