ख्रीस्त राजा का पर्व मनाया गया

रविवार 24 नवम्बर को सम्पूर्ण कलीसिया में ख्रीस्त राजा का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। ख्रीस्त राजा के पर्व के दौरान सभी पल्लियों में पवित्र यूखरिस्त की उपस्थिति में भक्तिमय जुलुस निकाला गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिपूर्वक भाग लेकर ख्रीस्त की जय जयकार के नारे लगाए तथा भक्तिमय गीत गाकर ईश्वर की महिमा की। इंदौर धर्मप्रान्त की विभिन्न पल्लियों में भी ख्रीस्त राजा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। जुलुस के पश्चात् पवित्र मिस्सा बलिदान भी अर्पित किया गया। इंदौर धर्मप्रांत की सभी पल्लियों एवं मिशन स्टेशन में यह पर्व मनाया गया। जिसमे सभी ख्रीस्तीय विश्वासियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लेकर आशीष ग्रहण की।
इंदौर धर्मप्रान्त की पल्ली होली स्पिरिट पालदा में भी सुबह 8:00 बजे पवित्र जुलुस निकाला गया, जिसमें पल्लीवासियों ने भाग लिया। जुलुस के पश्चात् 12 पुरोहितों ने मिलकर पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित की। मुख्य याजक के रूप में इंदौर धर्मप्रांत के फादर महेश सुल्या उपस्थित हुए। उन्होंने अपने प्रवचन में अनोखे राजा येसु मसीह का वर्णन किया। पवित्र मिस्सा बलिदान के पश्चात् सभी विश्वासियों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनायें दी।
साथ ही पलासिया स्थित माँ मरियम के ग्रोटो पर भी दोपहर 2:30 बजे से ख्रीस्त राजा की स्तुति आराधना की गयी। जिसमे अनेकों धर्मावलम्बियों ने भाग लिया। शाम 4 बजे इंदौर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष माननीय चाको टी जे SVD द्वारा पवित्र मिस्सा बलिदान चढ़ाई गयी। पवित्र मिस्सा बलिदान के पश्चात मेघावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

Add new comment

12 + 2 =