Radio Veritas Asia Buick St., Fairview Park, Queszon City, Metro Manila. 1106 Philippines | + 632 9390011-15 | +6329390011-15
वेटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस ने सिस्टर मरियम थ्रेसिया को संत घोषित किया गया
मई 1914 में केरल के त्रिशूर में सिस्टर्स ऑफ होली फैमिली की स्थापना करने वाली भारतीय नन मरियम थ्रेसिया और चार अन्य को संत की उपाधि मिली है। निधन के 93 साल बाद रविवार को वेटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस ने सिस्टर मरियम थ्रेसिया को संत घोषित किया। विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने समारोह में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस उपलब्धि के साथ केरल की नन मरियम को ब्रिटिश कार्डिनल जॉन हेनरी न्यूमैन, स्विस लेवोमन मार्गगुइट बेस, ब्राजीलियन सिस्टर दुलस लोप्स और इतालवी सिस्टर गिउसेपिना वन्नीनी के साथ जोड़ा गया।
केरल की चौथी संत
मरियम थ्रेसिया को संत की उपाधि मिलने के साथ ही केरल के सदियों पुराने साइरो-मालाबार चर्च में अब चार संत हैं, पहली सिस्टर अल्फोंसा, जिन्हें 2008 में एक संत घोषित किया गया था। इसके बाद फादर कुरियाकोस, जिन्हें चावारा अचेन के नाम से भी जाना जाता है, उन्हें 2014 में संत घोषित किया गया। उनके साथ ही सिस्टर यूफ्रेसिया (एवुप्रसियाम्मा के रूप में चर्चित) को भी 2014 में पोप द्वारा संत घोषित किया गया था।
सिस्टर मरियम का 'चमत्कार'
केरल में लड़कियों की शिक्षा और उनके सशक्तीकरण के लिए अथक प्रयास करने वाली मरियम थ्रेसिया के संत बनने के पीछे एक 'चमत्कार' जुड़ा हुआ है। नौ महीने से पहले जन्मा एक बच्चा जिंदगी और मौत से जूझ रहा था। डॉक्टरों ने उसे विशेष वेंटिलेटर पर रखने को कहा था जो उस समय हॉस्पिटल में मौजूद नहीं था। तीसरे दिन बच्चा सांस लेने के दौरान हांफने लगा। सबने बच्चे के बचने की आस छोड़ दी। बच्चे की दादी ने सभी लोगों से सिस्टर मरियम की प्रार्थना करने को कहा। ऐसा करने के 30 मिनट के अंदर ही बच्चे के स्वास्थ्य में बड़ा बदलाव आ गया। यह घटना 9 अप्रैल, 2009 को हुई थी। इसी दिन सिस्टर मरियम को रोम में 'धन्य' घोषित किया गया था। 22 मार्च 2018 को वेटिकन ने सिस्टर मरियम के इस 'चमत्कार' को स्वीकार किया।
भारत में कार्यक्रम
भारत के केरल में मरियम त्रेसिया के तीर्थस्थान पर सेवानिवृत्त अपोस्टोलिक नूनियो, महाधर्माध्यक्ष जॉर्ज पानिकुलम की अध्यक्षता में रविवार को ख्रीस्तयाग समारोह होगा। इसके बाद वहाँ एक वीडियो लिंक के माध्यम से रोम में संत घोषणा समारोह में भाग लेंगे।
धर्मसमाज ने 16 नवंबर को मरियम त्रेसिया के तीर्थालय में धन्यवादी मिस्सा समारोह अनुष्ठान करने की योजना बनाई है।
Add new comment