राँची आर्चबिशप हाउस ने साइकिल रिक्शा चालकों को दी राहत

धर्माध्यक्ष थेओदोर राशन देते हुएधर्माध्यक्ष थेओदोर राशन देते हुए

रविवार 7 जून को राँची महाधर्मप्रांत के आर्चबिशप हाऊस ने राँची के स्थानीय रिक्शा चालकों को राशन देकर इस महामारी के समय बड़ी राहत पहुँचाई।

काथलिक कलीसिया पेंतेकोस्त के बाद आने वाले रविवार को पवित्र त्रित्व का महापर्व मनाती है। इस वर्ष रविवार 7 जून पवित्र त्रित्व का महोत्सव मनाया गया। राँची महाधर्मप्रांत के सचिव फादर सुशील टोप्पो ने बताया कि ईश्वर के प्रेम को ठोस रुप से साझा करने हेतु राँची महाधर्मप्रांत के आर्चबिशप हाऊस की अगुवाई में पुरुलिया रोड स्थित लोयोला मैदान में राँची शहर और निकटवर्ती इलाकों के एक हजार से अधिक रिक्शा चालकों को राशन और स्वास्थ्य किट दिया गया।

राँची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो ने अपने संदेश में कहा कि महामारी कोरोना वायरस के कारण दो महीने से लॉकडाउन में बेरोजगार और असहाय साइकिल रिक्शा चालकों को राहत देने के लिए राशन देने का निर्णय लिया गया। साथ ही उन्होंने एकत्रित लोगों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि काथलिक कलीसिया ईश्वर के प्रेम को उनके साथ ठोस रुप से साझा करना चाहती है। महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स ने आने वाले बेहतर कल के लिए शुभकामनायें देते हुए राशन बांटने का शुभ कार्य़ शुरु किया।

खाद्य सामग्री में चावल, दाल, सोयाबीन बरी,चना, तेल, नमक और मसाले थे। इसके साथ हर रिक्शा चालक को स्वास्थ्य किट दिये गये जिसमें सनेटाइजर, ग्लब्स, मास्क और साबुन शामिल थे।

सहायक धर्माध्यक्ष थेओदोर मसकरेन्हास ने बिना भेदभाव के रिक्शा चालकों के चयन हेतु राँची के युवाओं, मिशनरी ऑफ चारिटी धर्मबहनों, आर्चबिशप हाउस के पुरोहितों और धर्मबंधुओं को धन्यवाद दिया। इस सेवा कार्य में जेएमएम महिला अध्यक्ष महुवा मांझी भी उपस्थित थीं। इसके वितरण में सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए फादर डेविड, फा. सेबेस्टियन तिर्की, फा. मुकुल, फा. तोबियास, फा. अनिल, फा. प्रजापति, सिस्टर सेबेस्तिनो, सि. निकोल, सि.टेरेसिना, सि. मरीना, सि. सेलसा, सि. यूजीन, राँची महाधर्मप्रांत के धर्मबंधुगण, युवा संघ के लीडर कुलदीप रोहित, सिफ्रा, नीलम,प्रेम, मुक्ति,अम्बर, अमर, अल्विन, विकास, अभय, अभिषेक, सोनू, शथि, लेजो, लोइस एवं अन्य युवा भाइयों और बहनों ने मदद की।

रिक्शा चालकों ने महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स के संदेश और प्रार्थना के बाद जोर-जोर से ताली बजाते हुए अपना आभार प्रकट किया। राँची की काथलिक कलीसिया इस लॉकडाउन के दौरान प्रवासियों के लिए बनाये गये शेलटर होम और गरीब मजदूरों की हर तरह से मदद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। करीब दो सप्ताह से काथलिक स्वंयसेवकों, संत अन्ना की धर्मबहनों, चारिटी धर्मबहनों, लोरेटो धर्मबहनों और युवा संघ के युवाओं ने बड़े शहरों से वापस अपने घर लौट रहे हजारों प्रवासियों के लिए रास्तों में या चौराहों में खाना के पैकेट और पानी वगैरह देकर उन्हें राहत पहुँचाने का प्रयास किया।

Add new comment

4 + 3 =