महिलाओं का सम्मान और उनकी रक्षा हो! पोप फ्राँसिस। 

पोप फ्राँसिस अपनी इराक की चार दिवसीय प्रेरितिक यात्रा 8 मार्च को समाप्त कर वापस रोम लौटे। इराक छोड़ने से पहले उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष कर इराक की महिलाओं के लिए ट्वीट किया। साथ ही अपनी यात्रा की समाप्ति पर ट्वीट कर पोप ने इराकियों को अपनी प्रार्थना का आश्वासन दिया।
पोप फ्राँसिस अपनी इराक की चार दिवसीय प्रेरितिक यात्रा समाप्त कर आज 8 मार्च को वापस रोम लौट रहे हैं। साथ ही आज के दिन अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के प्रति सम्मान, प्रशंसा और प्यार प्रकट करते हुए इस दिन को महिलाओं के आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों के उपलक्ष्य में उत्सव के तौर पर मनाया जाता है। पोप ने ट्वीट कर सभी महिलाओं को धन्यवाद देते हुए उनके सम्मान और सुरक्षा की कामना की।

पहला ट्वीट:- संदेश में उन्होंने लिखा, ʺमैं तहेदिल से सभी महिलाओं को, विशेष रूप से  इराक की महिलाओं को धन्यवाद देना चाहूंगा, जो साहस के साथ संघर्षों और पीड़ाओं के बावजूद जीवन देना जारी रखती हैं। महिलाओं का सम्मान और उनकी रक्षा हो! उन्हें सम्मान दिया जाए और प्रगति के अवसर प्रदान किए जायें!ʺ # प्रेरितिक यात्रा

दूसरा ट्वीट:- संत पापा फ्राँसिस ने अपनी इराक की प्रेरितिक यात्रा समाप्त करने के बाद पुनः इराक वासियों के समृद्ध और शांतिमय भविष्य की कामना की।

संदेश में उन्होंने लिखा, ʺइराक हमेशा मेरे दिल में रहेगा। प्रिय भाइयों और बहनों, मैं आप सभी से शांति और समृद्धि के भविष्य के लिए एकजुट होने तथा एक साथ काम करने लिए कहता हूँ जिससे कोई भी पीछे न छूट जाए और किसी के साथ भेदभाव न हो। मैं आपको इस प्यारे देश के लिए अपनी प्रार्थना का आश्वासन देता हूँ।ʺ

Add new comment

1 + 0 =