संत जेरार्द माज़ेल्ला

संत जेरार्द माज़ेल्ला जो धर्मसंघी थे विशेष रूप से गर्भवती माताओं के मध्यस्थ माने जाते हैं। उनका जन्म दक्षिण इटली में मूरो नामक गांव में अप्रैल 1726 को हुआ। उनके पिता का नाम डोमिनिको माज़ेल्ला और माता का नाम बेनेदेता गलेला था। वे दोनों बहुत ही उत्तम काथलिक विश्वासी थे। डोमिनिको पेशे से दर्ज़ी थे किन्तु अत्यंत गरीब थे। परिवार में दो पुत्रियों के पश्चात् पुत्र का जन्म हुआ था। बालक को बपतिस्मा में जेरार्द नाम दिया गया। उनकी माँ की यही तीव्र कामना एवं प्रार्थना थी कि उनका प्यारा पुत्र प्रारम्भ से ही ईश-प्रेम में पले और बढ़े। फलस्वरूप नन्हा जेरार्द बाल्यावस्था से ही अपने माता-पिता की तरह ईश्वर में गहरे विश्वास और प्रेम रखते थे और प्रतिदिन उनका अनुकरण करते हुए उनके साथ भक्तिपूर्वक प्रार्थना करते थे। माँ मरियम तथा बालक येसु के प्रति उनकी भक्ति असाधारण थी।
उनके घर से कुछ ही दुरी पर माँ मरियम के नाम से एक छोटा सा प्रार्थनालय था जिसमे मरियम की सुन्दर प्रतिमा प्रतिष्ठित थी जो अपनी बाँहों में बालक येसु को लिए हुए थी। जेरार्द छः वर्ष की उम्र से ही प्रतिदिन सांयकाल उस प्रार्थनालय में जाते और वहाँ माँ मरियम के सम्मुख घुटने टेककर प्रार्थना में लीन हो जाते और उनके चेहरे पर बड़ी ख़ुशी छायी रहती थी। वे अपने माता-पिता के साथ बड़ी भक्ति से माला विनती करते थे।
जेरार्द को बाल्यावस्था से ही अपने गाँव के स्कूल में भेजा गया। वहाँ उन्होंने शीघ्र पढ़ने लिखने और गणित में बड़ी उन्नति की। धर्मशिक्षा में उनकी सर्वाधिक रूचि थी। कक्षा में वे सदैव अपने पाठ पर बहुत ध्यान देते और हर बात को बड़ी शीघ्रता से स्मरण कर लेते थे। वे सदा आज्ञाकारी एवं प्रसन्न रहते और सुस्त व शरारती साथियों से दूर रहते थे। इससे उनके शिक्षक जेरार्द से बहुत खुश रहते और उन्हें 'मेरा आनन्द' कह कर पुकारते थे। 
दस वर्ष की उम्र में जेरार्द ने बड़ी भक्ति से प्रथम परम प्रसाद ग्रहण किया और अपने नन्हे हृदय में प्रभु येसु का स्वागत किया। प्रेम स्वरुप येसु को अपने हृदय में पा कर जेरार्द की ख़ुशी की कोई सीमा न रही। उन्होंने उस दिन प्रभु से प्रतिज्ञा की कि अब से जब कभी संभव हो अपने साथियों के साथ गिरजाघर में जाकर परम प्रसाद की आराधना करूँगा; और  प्यार से छोटे से छोटे पाप से भी दूर रहूँगा। परम प्रसाद के सम्मुख प्रार्थना में लीन जेरार्द के चेहरे पर दिव्य प्रेम की झलक प्रकट होती थी। उनकी तीव्र भक्ति देखकर उनके पल्ली पुरोहित ने उन्हें प्रतिदिन परम प्रसाद ग्रहण करने की अनुमति दी। क्योंकि उन दिनों साधारणतः प्रतिदिन परम प्रसाद ग्रहण करने की प्रथा नहीं थी।
जब जेरार्द 12 वर्ष के हुए तब अचानक उनके पिता का देहांत हो गया इससे उनको अत्यंत दुःख हुआ। किन्तु उन्होंने स्वयं को येसु और माँ मरियम के संरक्षण में पूर्ण रूप से सौंप दिया। परिवार की जीविका के लिए माँ ने जेरार्द को अपने भाई के यहाँ भेज दिया ताकि वह अपने मामा के साथ रहकर वस्त्रों की सिलाई का काम सीख सकें और आगे उस कार्य को सफलतापूर्वक कर सके। किन्तु वहाँ एक दुश्चरित्र व्यक्ति ने जेरार्द को  फ़साने की चेष्टा की। जेरार्द उसकी चाल को समझ गए और पाप के चंगुल से बच गए। जब उनके मामा को इस बात का पता चला तो उन्होंने उस दुष्ट को काम से हटा दिया। तब जेरार्द माँ  के पास लौट आये।
जेरार्द क्रूसित येसु के सामान बनना चाहते थे और हर तरह के कष्टों को येसु के प्रेम से धैयतापूर्वक सहना चाहते थे। अतः उन्होंने कुछ समय बाद कापुचिन धर्मसंघ में प्रवेश पाने का प्रयास किया। किन्तु उनके कमजोर स्वास्थ्य के कारन उन्हें अनुमति प्राप्त नहीं हुई। लेकिन जेरार्द निराश नहीं हुए। किसी धर्मसंघ में प्रवेश के लिए ईश्वर से निर्धारित समय  प्रतीक्षा करते हुए उन्होंने लासिदोनिया के धर्माध्यक्ष के आवास में घरेलु  काम करने की नौकरी कर ली। वहाँ कार्य करते हुए युवक जेरार्द ने कर कठिन कार्य को भी उत्तम ढंग से किया। कठोर परिश्रम, डाँट और अन्याय को भी बिना किसी शिकायत के धैर्य एवं प्रसन्नतापूर्वक सहन किया। इस प्रकार वे दुसरो के सम्मुख आज्ञाकारिता, विनम्रता एवं सभी ख्रीस्तीय सद्गुणों का नमूना बन गए। साथ ही उनकी भक्तिपूर्ण प्रार्थना एवं परम प्रसाद की आराधना से भी सभी लोग अत्यंत प्रभावित हुए। वे हर कार्य को बड़ी सावधानी से करते थे; फिर भी एक दिन धर्माध्यक्ष जी के कमरे की चाभी जेरार्द के हाथ से छूटकर कुँए में गिर गयी। इस पर सरल हृदय जेरार्द बहुत चिंतित हो गए कि किस प्रकार चाभी को कुँए में से निकाला जाए। अत्यंत दुःखी होकर वे प्रार्थना करने लगे। तब अचानक उन्हें एक विचित्र उपाय सुझा। वे दौड़ते हुए गए, बालक येसु की एक छोटी सी प्रतिमा उठा लाये, पूर्ण भरोसे के साथ उन्होंने उस प्रतिमा को रस्सी के सहारे कुँए में उतारा यह कहते हुए कि मेरे नन्हे प्रभु आप कृपया उस चाभी को निकाल लाइए ताकि धर्माध्यक्ष जी को परेशानी ना हो। कई लोग पास खड़े हुए बड़ी उत्सुकता के साथ देख रहे थे। उनके सामने जेरार्द ने बालक येसु को ऊपर खींच लिया। उनके आश्चर्य की कोई सीमा न रही जब उन्होंने देखा कि नन्हे येसु अपने हाथ में चाभी पकडे हुए थे। प्रभु  अपने विनम्र भक्त  प्रार्थना सुनकर उन्हें घोर कष्ट से बचा लिया। जब धर्माध्यक्ष जी को उस अद्भुत घटना का समाचार मिला तो उन्हें भी बहुत ख़ुशी हुई और जेरार्द के शिशु-तुल्य भक्ति के लिए उनकी सराहना की।

तीन वर्षों बाद धर्माध्यक्ष जी का देहांत हो गया। इस पर जेरार्द ने मुक्तिदाता के धर्मसंघ में एक धर्मबंधु के रूप में प्रवेश पाने के लिए आग्रहपूर्वक प्रार्थना की। उन्हें नवशिष्यालय में प्रवेश दिया गया। वहाँ उनका जीवन विनम्रता, आज्ञाकारिता एवं शुद्धता का सजीव नमूना था। एक वर्ष बाद उन्होंने धर्मसंघ की प्रथा के अनुसार ब्रह्मचर्य, निधनता और आज्ञाकारिता के व्रत धारण किये। ही साथ उन्होंने अपनी ओर से एक महत्वपूर्ण प्रतिज्ञा भी जोड़ दी, अर्थात हर कार्य जो हम ईश्वर के प्यार के लिए करते है वह प्रार्थना बन जाता है। जेरार्द के प्रार्थनामय, प्रेमपूर्ण, सेवा निरत और तपस्यापूर्ण जीवन से सभी लोग अत्यंत प्रभावित हुए। ईश्वर ने उन्हें अनेक विशेष आध्यात्मिक वरदान भी प्रदान किये थे जैसे- प्रार्थना के समय धरती से ऊपर उठ जाना, भाव-समाधी, एक ही समय दो स्थानों पर उपस्थित रहना, भविष्यवाणी करना, प्रकृति एवं शैतान की शक्तियों पर अधिकार इत्यादि। यह सब होते हुए भी अपने अधिकारियों के प्रति जेरार्द की आज्ञाकारिता इतनी तत्परतापूर्ण थी कि वे आज्ञाओं को ही नहीं बल्कि उनकी इच्छाओं को भी दूर से ही जानकर उनका पालन करते थे। जब वे पुरोहितों के साथ सुसमाचार प्रचार के मिशन पर जाते थे तब पुरोहितों के प्रवचनों से बढ़कर उनकी सरगर्म प्रार्थनाओं तथा प्रेम और सहानुभूतिपूर्ण व्यव्हार से अनेको पापी मन परिवर्तन कर ईश्वर की ओर लौट आते थे। इस प्रकार निरंतर कठिन परिश्रम एवं तपस्याओं तथा अल्प भोजन के कारण उन्हें क्षय रोग हो गया और मात्र 29 वर्ष की अवस्था में 16 अक्टूबर 1755 को उनका देहांत हो गया। शीघ्र ही पवित्रता की सुगंध चारों ओर फ़ैल गयी और उनकी कब्र पर आकर प्रार्थना  करने से अनेकों लोगों को रोगो से चंगाई तथा अन्य वरदान प्राप्त हुए। एक स्त्री जो असह्य प्रसव-पीड़ा से कराह रही थी, संत की मध्यस्थता से अपने कष्ट से मुक्त हो गयी। उसने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। इस चमत्कार के कारण संत जेरार्द को गर्भवती माताओं का विशेष मध्यस्थ माना जाता है
सन 1893 में संत पिता लियो 13वें ने उन्हें धन्य घोषित किया और सन 1904 में संत पिता पियुस दसवें ने उन्हें कलीसिया में संत की उपाधि से विभूषित किया। माता कलीसिया 30 अक्टूबर को संत जेरार्द का पर्व मनाती है।

Add new comment

1 + 9 =